चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने के लिए राज्य का दौरा करते हैं। जबकि स्टालिन के मुताबिक, उनकी पार्टी डीएमके जनता के भरोसे को पूरा करने के लिए पूरी तरह समर्पित है।एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, आपने मुझे भरोसे के साथ अपना भविष्य सौंपा है। मैं निश्चित रूप से उस भरोसे पर खरा उतरूंगा। मैं अपनी ताकत से ज्यादा मेहनत कर रहा हूं। मैं न सिर्फ उन लोगों के लिए काम कर रहा हूं जिन्होंने मुझे वोट दिया, बल्कि उनके लिए भी जिन्होंने नहीं दिया।उन्होंने कहा, चुनाव का मौसम है, इसलिए प्रधानमंत्री ने पहले ही तमिलनाडु बार-बार आना शुरू कर दिया है। चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री के बार-बार तमिलनाडु आने से एनडीए गठबंधन के खिलाफ लोगों का गुस्सा और बढ़ेगा। उन्होंने एनडीए पर हमला बोलते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री जितनी बार यहां आएंगे, एनडीए उतनी ही बड़ी हार झेलेगा। उनके आने से लोगों को याद आता है कि केंद्र ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया।’
भेदभाव का लगाया आरोप
स्टालिन ने केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि गुजरात को मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की मंजूरी मिली, लेकिन तमिलनाडु की मांगों को बजट और कैबिनेट मीटिंग में नजरअंदाज कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि यह चुनाव ‘तमिलनाडु बनाम एनडीए’ है। उन्होंने जोर दिया कि तमिलनाडु पर दिल्ली से नहीं, बल्कि चेन्नई के फोर्ट सेंट जॉर्ज से राज होना चाहिए।
भाजपा पर निशाना साधते हुए स्टालिन ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में विकास नहीं होता और वे तमिलनाडु को भी कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने कन्याकुमारी को एकता का प्रतीक बताया और कहा कि उनकी सरकार ‘द्रविड़ियन मॉडल’ के तहत सभी धर्मों को साथ लेकर चलती है। साथ ही उन्होंने मणिपुर की हिंसा और अन्य राज्यों में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों का जिक्र करते हुए भाजपा की आलोचना की।
कई योजनाओं का किया एलान
स्टालिन ने कार्यक्रम के दौरान कन्याकुमारी के लिए पर्यटन और मछुआरों के कल्याण से जुड़ी नई योजनाओं का एलान किया। उन्होंने अपने 50 साल के राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वह जनता की जरूरतों को अच्छी तरह समझते हैं। तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर इस साल चुनाव होने हैं। पिछले चुनाव में डीएमके ने 133 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।

