पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार के लिए छत्तिसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, ओडिशा के लिए महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले और हरियाणा के लिए गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया है। गौरतलब है कि देश में 16 मार्च 2026 को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई पार्टियां अपने उम्मीदवार तय करने में जुटी हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कुछ बड़े नेताओं का राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का कार्यक्रम जारी किया है। इन सीटों पर अभी जो सदस्य हैं, उनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में खत्म हो रहा है।जिन राज्यों में चुनाव होना है उनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 5 मार्च रखी गई है। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी और नतीजे भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।