New Delhi : PM नरेंद्र मोदी बुधवार को केरलम (केरल) दौरे पर हैं। वे बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर से नौसैनिक अड्डे गए। फिर सड़क मार्ग से मरीन ड्राइव में अखिल केरल धीवर सभा के गोल्डन जुबली समारोह में शामिल हुए।
PM ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ किए जाने का फैसला मलयाली लोगों के लिए खुशी का पल है। मेरे मलयाली भाइयों और बहनों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मलयाली संस्कृति के अनुसार इस खूबसूरत राज्य को उसका उचित नाम मिला है। केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कोच्चि में रोड शो भी किया। वे जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित करीब 300 मीटर लंबे रोड शो के दौरान उन्होंने कार की सनरूफ से लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद PM ने ₹10,800 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
PM तमिलनाडु में 5,650 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे
इसके बाद पीएम तमिलनाडु जाएंगे। यहां शाम लगभग 5:45 बजे, प्रधानमंत्री तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
पीएम बोले- NDA केरल के युवाओं की उम्मीदों को पूरा करेगा
प्रधानमंत्री ने केरल में अपने दौरे से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि मछुआरों की भलाई के लिए अखिल केरल धीवर सभा ने जो काम किया है, वह काबिले-तारीफ है।
उन्होंने लिखा कि NDA का गुड गवर्नेंस एजेंडा LDF और UDF दोनों की लूट और कुशासन के मुकाबले सबसे ऊंचा है। NDA डेवलपमेंट वाली पॉलिटिक्स पर फोकस करेगा और केरल के युवाओं की उम्मीदों को पूरा करेगा।
मदुरै एयरपोर्ट को इंटरनेशनल दर्जा देने की मंजूरी
पीएम को दौरे से पहले मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट ने मदुरै एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट घोषित करने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह अपग्रेड इस क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों को दिखाता है और इससे मदुरै के विकास की संभावनाओं में काफी बदलाव आएगा।
वैष्णव ने कहा कि तमिलनाडु के तीन सबसे बड़े शहर चेन्नई, कोयंबटूर और मदुरै हैं। लोग यहां एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट चाहते हैं। यह फैसला मदुरै और तमिलनाडु के पूरे विकास में एक बड़ा बदलाव होगा।
मोदी बोले- NDA की लोकप्रियता से DMK डर गई है
पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि DMK राज्य भर में NDA की बढ़ती लोकप्रियता से साफ तौर पर परेशान है। उन्होंने लिखा कि तमिलनाडु के लोगों ने DMK के कुशासन और अधूरे वादों को देख लिया है। इसीलिए वे NDA के उम्मीद और तरक्की के एजेंडे से जुड़ रहे हैं।

