Cairo : गाजा पट्टी में इस्राइली हवाई हमलों में रविवार को कम से कम 12 फलस्तीनियों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे, एक गर्भवती महिला और आठ पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह जानकारी अस्पताल अधिकारियों ने दी।
स्थानीय निवासी महमूद अल-मुहतासेब ने बताया कि वे सो रहे थे, तभी मिसाइल के हमले से तेज धमाका हुआ। उनके अनुसार हमले से पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई थी।
रविवार दोपहर एक अन्य हमले में केंद्रीय गाजा के जवैदा शहर के प्रवेश द्वार पर सलाह अल-दीन मार्ग पर चल रहे एक पुलिस वाहन को निशाना बनाया गया। हमास के नियंत्रण वाले आंतरिक मंत्रालय के अनुसार इस हमले में आठ पुलिसकर्मी मारे गए, जिनमें केंद्रीय गाजा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर्नल इयाद अब यूसुफ भी शामिल थे। अल-अक्सा मार्टियर्स अस्पताल ने भी इस हमले में आठ लोगों की मौत और 14 अन्य के घायल होने की पुष्टि की।
युद्धविराम के बावजूद जारी हमले
इन दोनों हमलों पर इस्राइली सेना की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। युद्धविराम के बावजूद गाजा में हिंसा की घटनाएं जारी हैं। अक्टूबर में लागू युद्धविराम के बाद भी लगभग रोजाना इस्राइली गोलीबारी या हवाई हमले की घटनाएं सामने आती रही हैं। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार इस दौरान 650 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद शुरू हुए युद्ध में अब तक 72,200 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है। 2023 में हमास के हमले में दक्षिणी इस्राइल में 1,200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 250 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया था।

