सूरत: गुजरात के सूरत से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान अचानक संतुलन खो बैठा और ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा. यह घटना उस समय हुई जब अजमेर स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही थी. उसी दौरान एक यात्री जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ा और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा. लेकिन संतुलन बिगड़ने की वजह से वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खाई में जा गिरा.
बैलेंस बिगड़ा, ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरा
घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए. जब तक वे कुछ समझ पाते यात्री गिर चुका था. आसपास के लोगों ने तुरंत ही हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोकने की कोशिश की. जानकारी के मुताबिक, यात्री करीब 20 सेकंड तक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा रहा. इस दौरान उसकी जिंदगी खतरे में बनी रही.
इस हादसे के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन कुछ जागरूक यात्रियों ने बिना समय गंवाए मदद के लिए कदम आगे बढ़ाया. ट्रेन रुकते ही रेलवे पुलिस और अन्य यात्रियों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सावधानीपूर्वक उस व्यक्ति को बाहर निकाला गया.

