अलीगढ़ : दिल्ली से सिक्किम जा रही गाड़ी संख्या 15484 महनंदा एक्सप्रेस के 14 अप्रैल सुबह अलीगढ़ में प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंचते ही तकनीकी खामी आ गई। ब्रेक बाइंडिंग के कारण एसी टू टियर कोच ए वन में चिंगारी उठने लगी, जिससे यात्रियों में खलबली मच गई।ड्यूटी पर तैनात गेटमैन रविंदर कुमार शर्मा ने सुबह 10 बजे कोच से धुआं व चिंगारी उठने की सूचना दी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए ओएचई सप्लाई को बंद कर दिया गया। ट्रेन सुबह 10:02 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर जांच के बाद 10:05 बजे ओएचई सप्लाई पुनः चालू की गई। मौके पर पहुंची टीएक्सआर (कोच मेंटेनेंस) टीम ने जांच में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या पाई, जिसे 10:08 बजे तक ठीक कर दिया गया। करीब 10 मिनट की देरी के बाद ट्रेन को 10:10 बजे सुरक्षित गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार ब्रेक बाइंडिंग के चलते ट्रेन में समस्या पैदा हुई थी। जिसे ठीक करने के बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया । ट्रेन करीब 10 मिनट तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही ।
ब्रेक बाइंडिंग क्या है
ब्रेक बाइंडिंग ऐसी स्थिति है जब ब्रेक पैडल या लीवर छोड़ने के बाद भी ट्रेन के ब्रेक जाम रहते हैं और पहिए से चिपके रहते हैं। जिससे पहिए अधिक गर्म हो जाते हैं। धुआं निकल सकता है। गाड़ी की गति कम हो जाती है।

