पटना: बिहार के बारे में कहा जाता है कि अगर आपके न्यौता देने पर कोई न आए तो या तो नाराज है, या तो बीमार है, या फिर आपसे संबंध तोड़ने की फिराक में है। सियासत में तो दो ही बातें होती हैं या तो अगला आपसे संबंध तोड़ना चाहता है, या वाकई में वो बीमार है। क्योंकि कितना भी जरूरी काम क्यों न हो, मुंह दिखाकर लौट जाना ही सही लेकिन आना तो बनता है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पोते इराज लालू यादव की बर्थडे पार्टी में भी ये सीन दिखना तय है।
राजद के कई नेताओं को भेजी गई फ्लाइट की टिकटें
महागठबंध के एक सूत्र ने NBT को बताया है कि लालू प्रसाद यादव ने अपने पोते के जन्मदिन में राजद के सभी विधायकों और प्रवक्ताओं को गाजियाबाद आने का न्यौता दिया है। लिस्ट में कई पूर्व विधायक, विधानपार्षद और राजद के पूर्व सांसद भी हैं। सबको लालू यादव ने गाजियाबाद बुलाया है, ताकि वो न सिर्फ अपनी शक्ति दिखा सकें, बल्कि अपने पोते इराज लालू यादव को ज्यादा से ज्यादा आशीर्वाद भी दिलवा सकें। इसके लिए कुछ लोगों को तो फ्लाइट की टिकटें भी भेज दी गईं।
जानिए कौन विधायक लालू के पोते के बर्थडे से एबसेंट
अब आते हैं असल मुद्दे पर। राजद में कई दिनों से कुछ नेता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ‘परिक्रमा’ करते देखे गए हैं। इनमें एक नाम पूर्वी चंपारण के ढाका से RJD विधायक फैसल रहमान का भी है। कुछ दिन पहले सम्राट चौधरी से उनके मिलने वाली तस्वीर ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। लेकिन फैसल रहमान अपने सुप्रीमो के पोते के पहले जन्मदिन पर गाजियाबाद नहीं जा रहे हैं।
फैसल रहमान क्यों नहीं जा रहे गाजियाबाद
इससे पहले वो राज्यसभा चुनाव की वोटिंग में नहीं गए थे, तब उन्होंने बताया था कि उनकी माता जी की तबीयत नासाज है और वो उनका इलाज कराने दिल्ली आए हुए हैं। इस दौरान उनके जानने वालों से किसी ने फोन पर पूछा कि क्या फैसल रहमान भी गाजियाबाद जा रहे हैं? क्या वो राजद सुप्रीमो के पोते इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन समारोह में शामिल होंगे? जवाब मिला कि कल यानी 28 मई को बकरीद है तो उनका जमात के साथ रहना जरूरी है। इसलिए वो गाजियाबाद नहीं जा पाएंगे।
एक कद्दावर नेता भी नहीं पहुंच रहे गाजियाबाद
लालू यादव के पोते के जन्मदिन समारोह में पार्टी के एक पूर्व विधायक और कद्दावर नेता भी नहीं जा रहे। इशारों में समझिए तो नाम बूझ लीजिए। वो नेता अपने इलाके के नामी हैं, उनके पिता लालू प्रसाद यादव के साथ राजनीति भी कर चुके हैं। लेकिन उनके जाने की वजह अलग है। उनकी तबीयत वाकई में सही नहीं है। लिहाजा स्वास्थ्य कारणों के चलते वो न चाहते हुए भी लालू प्रसाद यादव के पोते की जन्मदिन की पार्टी में गाजियाबाद नहीं जा पा रहे। इसका उन्हें अफसोस भी है।अब सवाल ये उठता है कि रितु जायसवाल की तरह ढाका विधायक फैसल रहमान भी पाला बदलने वाले हैं? इसका जवाब जरा गोल-मोल है। एक सूत्र ने हमें बताया कि फैसल रहमान ऐसा आत्मघाती कदम बिल्कुल नहीं उठाएंगे। क्योंकि ऐसा करने पर उनकी विधानसभा सदस्यता (दल-बदल कानून के तहत) चली जाएगी। दूसरी तरफ ढाका से वो काफी मामूली वोटों यानी सिर्फ 178 वोट से। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार पवन जायसवाल को हराया था। कहीं फिर से चुनाव की नौबत आई और उन्हें NDA से टिकट मिल भी गया तो पवन जायसवाल निर्दलीय खड़े होकर कहीं उनका खेल न बिगाड़ दें। लिहाजा अभी उनके राजद में रहने की ही उम्मीद है। कहते हैं न कि जब तक खुल कर सामने न आएं तो डर किस बात का।

