Jaipur : ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी को कथित रूप से धमकाने और गाली-गलौच के मामला राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक के खिलाफ देर रात एफआईआर दर्ज हो गई है। चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाना प्रभारी शैतान सिंह ने सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ राजकार्य में बाधा, गाली-गलौच और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कराया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 351(2) और 352 के तहत दर्ज किया गया है।
एफआईआर के अनुसार, थाना डूंगला में दर्ज एक पुराने प्रकरण की जांच के सिलसिले में 25 मई 2026 को आरोपी धनराज खारोल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने धनराज से उसके बेटे मनोज खारोल और अन्य परिजनों को भी जांच में सहयोग के लिए उपस्थित करने को कहा। इस पर धनराज ने कथित तौर पर कहा कि वह अपने बेटे और अन्य लोगों को थाने नहीं भेजेगा और अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए मंत्री गौतम दक से बात करने की बात कही।
इसके बाद पूर्व सरपंच चंद्रशेखर शर्मा ने पुलिसकर्मी लक्ष्मीनारायण को फोन कर कथित तौर पर धमकाया कि भविष्य में धनराज को थाने बुलाया गया तो मंत्री से शिकायत की जाएगी। एफआईआर में आरोप है कि धनराज और चंद्रशेखर शर्मा ने मंत्री गौतम दक से पुलिस द्वारा रिश्वत मांगने की झूठी शिकायत भी की।

