Israel : इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को एक महाशक्ति बताया। उन्होंने कहा है कि दुनिया के कई हिस्सों में इस्राइल को आलोचनाओं और यहूदी राज्य की वैधता पर सवालों का सामना करना पड़ता है, लेकिन भारत में इस्राइल के प्रति लोगों का समर्थन और स्नेह बेहद मजबूत है। उन्होंने कहा कि भारत में इस्राइल के लिए अविश्वसनीय और जबरदस्त प्यार देखने को मिलता है।
जॉर्डन वैली में गुरुवार को आयोजित एक नेतृत्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने भारत-इस्राइल संबंधों को दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का अहम स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि इस्राइल अपने अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों का लगातार विस्तार कर रहा है और इस दिशा में भारत के साथ उसका विशेष रिश्ता बेहद महत्वपूर्ण है।
नेतन्याहू ने कहा कि हम अपने गठबंधनों का विस्तार कर रहे हैं और इस बड़े दायरे में भारत जैसे विशाल और शक्तिशाली देश के साथ हमारा अनूठा संबंध शामिल है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया के अन्य हिस्सों में इस्राइल को लेकर आलोचनात्मक माहौल हो सकता है, लेकिन भारत में स्थिति बिल्कुल अलग है।

