गुजरात ; गुजरात के विरामगाम में राष्ट्रीय राजमार्ग-17 के चार लेन विस्तार प्रोजेक्ट के लिए अतिक्रमण हटाने का बड़ा अभियान चलाया गया। प्रशासन ने लगभग 4,000 वर्ग मीटर कब्जाई गई जमीन खाली कराई। इस दौरान तीन दरगाहों सहित कई अस्थायी और स्थायी ढांचों को गिरा दिया गया।
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस के विरामगाम डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक तपन सिंह डोडिया ने बताया, ‘इस अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक डीवाईएसपी, 15 पुलिस इंस्पेक्टर और 550 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। तोड़फोड़ अभियान शुरू होने से पहले सभी समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की गईं। प्रशासन को सभी पक्षों का पूरा सहयोग मिला, जिसके बाद प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई।’
सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट वीरेंद्र देसाई ने कहा, ‘विरामगाम शहर के प्रवेश द्वार पर एक संकरा इलाका था, जहां तीन दरगाहें और कई अन्य छोटे-मोटे अतिक्रमण थे। यह जमीन निजी स्वामित्व वाली थी, जिसे भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत अधिग्रहित किया गया था। जमीन मालिकों को उचित मुआवजा दिया जा चुका है। आज हमने जमीन पर कब्जा लेने की प्रक्रिया पूरी कर ली।’
हाईवे विस्तार जरूरी
प्रशासन के अनुसार, यह क्षेत्र हाईवे विस्तार के लिए बेहद जरूरी था। संकरा रास्ता यातायात के लिए बाधा बन रहा था। चार लेन हाईवे बनने से विरामगाम से अहमदाबाद और अन्य शहरों की यात्रा आसान और सुरक्षित हो जाएगी। अभियान सुबह से शुरू हुआ और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा किया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजरों से अतिक्रमण हटाए गए। स्थानीय लोगों में शुरू में थोड़ी असहजता रही, लेकिन समुदाय प्रतिनिधियों के सहयोग से स्थिति शांत रही। किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

