फिलीपींस : फिलीपींस में आए विनाशकारी भूकंप के बाद राहत-बचाव कार्य चलाया जा रहा है। लेकिन इसमें सबसे बड़ी परेशानी भूकंप के बाद आने वाले झटकों (आफ्टरशॉक्स) के रूप में आ रही है। जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस में अब तक 2100 से अधिक भूकंप के बाद आने वाले झटके आ चुके हैं, जिससे राहत-बचाव कार्य को बार-बार रोकना पड़ रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक कम से कम 45 लोगों की मौत हो चुकी है और तकरीबन 630 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अभी भी 17 लापता लोगों की तलाश की जा रही है। भूकंप का सबसे अधिक असर जनरल सैंटोस सिटी और आसपास के राज्य- सरंगानी, साउथ कोटाबाटो और दावाओ ऑक्सिडेंटल में देखा गया है।
फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान के अनुसार भूकंप के बाद 2100 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए हैं। इनमें कुछ की तीव्रता 6.4 तक बताई गई। लगातार आ रहे इन झटकों से अतिरिक्त नुकसान और जनहानि की आशंका बनी हुई है। आज एक आंशिक रूप से ढही हुई किराना इमारत में सर्च ऑपरेशन के दौरान तेज आफ्टरशॉक आया, जिससे बचावकर्मियों को तुरंत बाहर की ओर भागना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि इमारत को सुरक्षित किए बिना राहत कार्य फिर से शुरू नहीं किया जा सकता।

