कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को विधानसभा में संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने कई बातें कहीं। उन्होंंने कहा कि राज्य में नवगठित भाजपा सरकार ने पिछली सरकार द्वारा कथित तौर पर संरक्षण प्राप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि अवैध विदेशियों की पहचान करने और उन्हें निर्वासित करने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद नवगठित विधानसभा के पहले सत्र में राज्यपाल के पारंपरिक भाषण को देते हुए रवि ने शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने धमकी की संस्कृति, भ्रष्टाचार गिरोहों और जबरन वसूली नेटवर्क को समाप्त करने का वादा किया। उन्होंने कहा, ‘नई सरकार ने पहले ही उन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है जिन्हें पिछली सरकार की ओर से संरक्षण दिया गया था।’
राज्यपाल रवि ने कहा, ‘अवैध विदेशियों की पहचान करने और उन्हें निर्वासित करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है।’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। आगे उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार राज्य के लोगों के सामने आने वाली चुनौतियों से पूरी तरह अवगत हैं।

