शिमला :भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को शिमला स्थित प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और अधूरी गारंटियों के खिलाफ प्रदेशभर में जनआंदोलन चलाएगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनावों के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों में मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है।उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनाव टालने के प्रयास किए गए, लेकिन न्यायपालिका के हस्तक्षेप के बाद चुनाव संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि जिन जिला परिषदों और नगर निगमों में चुनाव हुए, वहां भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक समर्थन मिला।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कोर ग्रुप ने निर्णय लिया है कि सरकार के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार कर उसे गांव-गांव और शहर-शहर जनता के बीच ले जाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं, युवाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों से किए गए कई चुनावी वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।