लखनऊ : भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार अपने दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को लखनऊ पहुंचे। राजधानी आगमन के साथ ही वह अपने पुराने शिक्षण संस्थान कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचे और छात्रों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता समझाते हुए बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) की सराहना की और उन्हें लोकतंत्र की असली नींव करार दिया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त काफी भावुक नजर आए
कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज परिसर में प्रवेश करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “लखनऊ से मेरा बहुत गहरा और पुराना नाता है। यहीं से शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद मैं उच्च शिक्षा के लिए आगे गया था। लंबे समय बाद अपनी कर्मभूमि लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने आया हूं।
इस विद्यालय में बीता समय मेरे जीवन का सबसे निर्णायक मोड़ था, जहां मुझे ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में चुनौतियों से लड़ने का हौसला मिला।

