Rahul Gandhi In Hathras: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार अहले सुबह उत्तर प्रदेश के हाथरस के लिए रवाना हो गए थे। हाथरस में वो 2020 रेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात करेंगे। इस बीच राहुल गांधी के हाथरस दौरे पर राजनीतिक बयानबाजी शुरु हो गई है। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया है। हालांकि, राहुल गांधी के हाथरस दौरे पहले पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के साथ यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि यूपी के हाथरस में 14 सितंबर 2020 में एक युवती के साथ उसी के गांव के कुछ लोगों के द्वारा रेप का मामला सामने आया था। जिसकी मौत इलाज के दौरान हो गई थी। जिसे कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी समेत कई अन्य दलों ने जोरशोर से उठाया था। विपक्षी दलों ने यूपी के कानून व्यवस्था को जमकर कटघरे में खड़ा किया था। इस मामले में पुलिस पर आरोप लगा था कि उन्होंने परिवार के मर्जी के बिना ही पीड़िता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। बता दें, इस मामले में एक आरोपी को उम्रकैद की सजा भी सुनाई गई थी।
डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी के हाथरस दौरे से पहले यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनपर जमकर निशाना साधा है। ब्रजेश पाठक ने कहा, “”राहुल गांधी, आपके अंदर निराशा का भाव है, आप हताशा के शिकार हैं। आपको ये भी नहीं पता कि हाथरस मामले की जांच सीबीआई ने कर दी है। मामला कोर्ट में चल रहा है। आज उत्तर प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में, कानून व्यवस्था के मामले में नंबर 1 राज्य बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। पूरे देश में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा होती है। आज हम कह सकते हैं कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्रांति आ रही है। जबकि आप उत्तर प्रदेश को अराजकता की आग में, दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं, लोगों को भड़काना चाहते हैं। कृपया ऐसा न करें, मेरा आपसे अनुरोध है कि उत्तर प्रदेश पूरे देश में नंबर 1 राज्य बनने के लिए तैयार हो रहा है।”