Congress Vs AAP: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा अबतक नहीं हुई है लेकिन राजनीति अपने चरम पर है। आम आदमी पार्टी और भाजपा में जमकर सियासी दंगल देखने को मिल रहा है। इस बीच INDIA गठबंधन का हिस्सा आप और कांग्रेस आमने सामने आ गई है। करीब 6 महीने पहले लोकसभा चुनाव में आप और कांग्रेस साथ मिलकर चुनावी मैदान में थी लेकिन अब दोनों के बीच काफी कड़वाहट देखने को मिल रही है। AAP कांग्रेस के खिलाफ बड़ा कदम उठाने वाली है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस को INDIA गठबंधन से बाहर निकालने के लिए आप अन्य दलों से बात करेगी। बता दें, एक दिन पहले युथ कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। जिसके बाद आप नेताओं के बीच कांग्रेस के खिलाफ काफी नाराजगी है।
केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल
बता दें, बीते दिनों युथ कांग्रेस के अध्यक्ष एडवोकेट अक्षय लाकड़ा ने अरविंद केजरीवाल और AAP नेताओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग की। अक्षय लाकड़ा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के नाम पर दिल्ली की जनता को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि आप के विधायक और एमसीडी पार्षदों की ओर से कथित तौर पर व्यक्तिगत डेटा मतदाता पहचान पत्र और फोन नंबर एकत्रित किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में ओटीपी सत्यापन का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जनता का विश्वास तोड़ा गया है। वहीं दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई योजना लागू नहीं की गई है। बता दें, कांग्रेस युथ अध्यक्ष ने अरविंद केजरीवाल पर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाया।
कांग्रेस पर AAP भड़कीयुथ कांग्रेस के द्वारा उठाए गए इस कदम से आम आदमी पार्टी के नेताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस मामले को लेकर संजय सिंह प्रेस वार्ता भी कर सकते हैं। साथ ही आप के बड़े नेता आने वाले दिनों में INDIA गुट के अन्य दलों के नेताओं से मिलकर कांग्रेस को गठबंधन से बाहर निकालने का मांग करेंगे। हालांकि, अभी तक इस मामले में आप के नेताओं की कोई भी प्रतिक्रिया सामने आई है।