AAP vs Congress: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस आरपार के मूड में दिखाई दे रही है। युथ कांग्रेस के द्वारा अरविंद केजरीवाल पर धोखाधड़ी का आरोप और FIR दर्ज करवाने पर AAP भड़क गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। संजय सिंह ने संदीप दीक्षित और अजय माकन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संजय सिंह ने कांग्रेस पर भाजपा से पैसे लेकर चुनाव लड़ने का दावा किया है। साथ ही राज्यसभा सांसद अजय माकन के द्वारा केजरीवाल को देशद्रोही कहने पर भी आतिशी ने नाराजगी जताते हुए उनपर कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि दिल्ली में फरवरी महीने में विधानसभा चुनाव होने है। इस बीच लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ चुनावी मैदान में उतरने वाली आप काफी नाराज नजर आ रही है। दरअसल, बीते दिनों युथ कांग्रेस के नातओं ने अरविंद केजरीवाल समेत आप के अन्य बड़े नेताओं के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करवाई थी। साथ ही एक प्रेस वार्ता के दौरान अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल एंटी-नेशनल तक बोल दिया था। जिससे AAP कांग्रेस पर बुरी तरह भड़क गई है। बता दें, अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को चुनावी मैदान में उतारा है, जिससे AAP खफा नजर आ रही है।
आतिशी ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
सीएम आतिशी ने कहा, ‘कांग्रेस के बयानों और एक्शन से यह बिल्कुल साफ हो गया है कि दिल्ली के चुनाव के लिए कांग्रेस ने बीजेपी से सांठगांठ कर ली है। कल अजय माकन कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल एंटी नेशनल हैं। क्या उन्होंने आज तक बीजेपी के किसी भी नेता पर ऐसा आरोप लगाया है?’ इसके साथ ही उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने आजतक बीजेपी के किसी भी नेता पर देशद्रोह का आरोप नहीं लगाया है। कांग्रेस नेताओं ने मेरे और केजरीवाल जी के ख़िलाफ़ FIR कराई लेकिन BJP के ख़िलाफ़ आजतक कोई शिकायत नहीं की। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों की फंडिंग बीजेपी द्वारा की जा रही है।“ आतिशी ने कांग्रेस पार्टी से अजय माकन और यूथ कांग्रेस नेताओं के ख़िलाफ़ एक्शन लेने की मांग की।
संजय सिंह भी भड़के
AAP ने सीनियर नेता संजय सिंह ने आज प्रेस कांफ्रेंस में कहा,’दिल्ली के अंदर कांग्रेस पार्टी बीजेपी के पक्ष में खड़ी हो गई है। कांग्रेस हर वो काम कर रही है, जिससे बीजेपी को चुनाव में फायदा हो। दिल्ली के अंदर कांग्रेस के नेता हैं अजय माकन। वो बीजेपी की स्क्रिप्ट पढ़ते हैं। वो बीजेपी के कहने पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को टारगेट करते हैं। कल तो उन्होंने हद ही पार कर दी। उन्होंने देश और दिल्ली के सबसे लोकप्रिय नेता अरविंद केजरीवाल को एंटी-नेशनल कह दिया। अगर केजरीवाल एंटी-नेशनल हैं तो आप मुझे बताइए, वो केजरीवाल दिल्ली के लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली पानी और रोजगार का इंतजाम कैसे कर रहे हैं।’