Attack On Bihar Police: बिहार के दरभंगा जिले से अपराधियों की बढ़ती गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आया है। जहां कुछ बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। जिसमें कुछ जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पुलिस पर न केवल पत्थरबाजी की गई, बल्कि उनके हथियार छीनने की भी कोशिश की गई। तो वहीं, घायल पुलिसवालों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है। अब इस घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बिहार के दरभंगा जिले में पुलिस वालों पर पत्थरबाजी की गई है। बता दें, पुलिस टीम फरार चल रहे जितेंद्र कुमार यादव को कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तार करने पहुंची थी। मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र के खिलाफ वारंट और कुर्की की कार्रवाई का मामला चल रहा था।
लेकिन जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो गांव के लोग उग्र हो गए। जिसके बाद पुलिसवालों पर हमला करना शुरु कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हमले में पुलिसकर्मियों पर जमकर पत्थरबाजी की गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने पुलिस के हथियार छीनने का प्रयास भी किया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस पूरे मामले की सूचना तत्काल जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दरभंगा के सिटी एसपी अशोक कुमार और सदर एसडीपीओ अमित कुमार समेत भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सख्ती बढ़ा दी है। तो वहीं, दूसरी तरफ पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हिंसा को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन घटना की जांच करवा रहा है। हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।