नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा के मुखिया अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब सपा सरकार थी, तब यह लोग आतंकियों के मुकदमों को वापस लेने का दुस्साहस कर रहे थे। कोर्ट ने इनके इस प्रयास पर पानी फेर दिया था। कांग्रेस के समय देश में आतंकवाद अपने चरम पर था। हर जगह आतंकी घटनाएं होती थी। यह लोग कान में तेल डालकर सो जाते थे।
सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री थे, तब इन्होंने एक दुस्साहस करने का निर्णय लिया था। इन्होंने अयोध्या राम जन्मभूमि व काशी में संकट मोचन मंदिर पर हुए आतंकी हमलों के आतंकियों के मुकदमों को वापस लेने का फैसला किया था। इनके इस निर्णय के बीच में कोर्ट आ गया था। कोर्ट ने फटकारते हुए सपा सरकार से कहा था कि अभी इन आतंकियों के मुकदमे वापस ले रहो, कल को इन्हें पद्म पुरस्कार से भी सम्मानित कर दोगे।
राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे- सीएम योगी
सीएम योगी ने अमरोहा में भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि आज हनुमान जयंती है। हनुमान जी के अराध्य भगवान श्री राम का अयोध्या में भव्य मंदिर लंबे संघर्ष के बाद भाजपा सरकार में बन पाया है। आप सभी कहें कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे और यूपी में कमल खिलाएंगे।
आतंकवाद पर कसा शिकंजा- पीएम मोदी
भारत में 2014 से पहले आए दिन कहीं न कहीं बम फटते रहते थे। कई निर्दोष भारतीयों की मौत की खबरों से दिल बैठ जाता था। लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करने से भी डरते थे। 2014 के बाद मोदी सरकार ने आतंकवाद पर नियंत्रण करने का फैसला किया। पाकिस्तान को ईट का जवाब पत्थर से दिया। 2019 में पीएम मोदी ने कश्मीर से धारा 370 को हटाकर आतंकवाद पर सबसे बड़ा प्रहार कर दिया। अब पाकिस्तान पटाखा फूटने की भी सफाई देता है कि उसने कुछ नहीं किया है।