Pashupati Paras Meets Lalu Yadav: बिहार में एक बार फिर सियासी गहमागहमी तेज हो गई है। दरअसल पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने रविवार यानी 19 जनवरी को राजद प्रमुख लालू यादव से मुलाकात की है। ये मुलाकात लालू यादव के आवास पर हुई है। एनडीए से दूरी बढ़ने के बाद पशुपति पारस की महागठबंधन से नजदीकियां बढ़ती दिख रही है। कुछ दिन पहले मकर संक्रांति के भोज पर लालू भी पारस के दही-चूड़ा खाने गए थे।
राजद सांसद ने दिया बयान
इस मुलाकात पर राजद सांसद संजय यादव का बयान सामने आया है। संजय यादव ने कहा कि पशुपति कुमार पारस और प्रिंस पासवान के साथ लालू यादव की मुलाकात हुई है। दरअसल लालू यादव उनके घर मिलने गए थे। रविवार को पशुपति कुमार उनसे मिलने आए। यह शिष्टाचार मुलाकात है। संजय ने कहा कि पशुपति कुमार पारस महागठबंधन का हिस्सा होंगे या नहीं, यह लालू यादव तय करेंगे। पशुपति कुमार पारस एक अनुभवी नेता हैं। वह किसी भी गठबंधन के साथ रहेंगे तो, उस गठबंधन का फायदा होगा।’
सम्राट चौधरी पर साधा निशाना
संजय ने कहा कि सम्राट चौधरी शीशे के सामने खड़ा होकर देखें और जवाब दें। सम्राट चौधरी की मां ने चुनाव नहीं लड़ा? उसके भाई राजनेता नहीं हैं? परिवार के सभी सदस्य राजनीति में है? सम्राट चौधरी तेजस्वी के सामने खड़ा होने के लायक नही हैं।’ संजय ने कहा कि सम्राट चौधरी की जो भी पहचान हुई है, वह राजद के कारण हुई है, भाजपा के कारण नहीं। सम्राट जिनके साथ अभी घूम रहे हैं, उनके बारे में भी कहते थे कि उनके दिमाग की हालत खराब हो गई है। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, सम्राट चौधरी से काफी वरिष्ठ हैं, उसके बावजूद भी सम्राट चौधरी को नीतीश कुमार ज्यादा पूछते हैं।