Pm Modi Sonia’s Poor Lady Remark: संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति के भाषण पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘Poor Lady’ (बेचारी महिला) कहा और यह भी कहा कि राष्ट्रपति बहुत थकी हुई थीं। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति का अपमान किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज कांग्रेस का असली चेहरा सामने आया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद में शानदार तरीके से भाषण दिया। वह उड़ीसा के एक गरीब आदिवासी परिवार से आई हैं और उनकी मातृभाषा उड़िया है। उनका भाषण देश के लिए समर्पण और सेवा का प्रतीक था, लेकिन कांग्रेस ने उनका अपमान किया। एक सदस्य ने भाषण को बोरिंग कहा, जबकि दूसरे ने उन्हें ‘पुअर लेडी’ कहा।”
पीएम मोदी ने आदिवासी समुदाय का अपमान करने का लगाया आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, “कांग्रेस को एक आदिवासी महिला का बोलना बोरिंग लगता है। यह देश के 10करोड़ आदिवासी भाइयों-बहनों का अपमान है। कांग्रेस गरीबों, दलितों और आदिवासी समुदाय को हर कदम पर अपमानित करती है। उन्हें भारत को विदेशों में बदनाम करना और अर्बन नक्सलियों की बात करना ज्यादा पसंद है।”
नड्डा ने कांग्रेस की आलोचना की
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘Poor Thing’ शब्द का इस्तेमाल किया। हम और बीजेपी के सभी कार्यकर्ता इसका कड़ा विरोध करते हैं। यह कांग्रेस की गरीब और आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस को राष्ट्रपति और आदिवासी समुदाय से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।”