Delhi Election Exit Poll: दिल्ली के सभी सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। EVM को सील करके स्ट्रोंग रुम के लिए भेज दिया गया है। परिणाम 8 फरवरी को सामने आएंगे। लेकिन इससे पहले कई एजेंसियों का एग्जिट पोल सामने आ गए हैं। लगभग सभी पोल में भाजपा को दिल्ली विधानसभा चुनाव में बढ़त दिखाया गया है। कई एग्जिट पोल में तो भाजपा को लैंडस्लाइड विक्ट्री दिखाया गया है। साथ ही कुछ एग्जिट पोल में कांग्रेस का खाता भी खुलते दिख रहा है। एग्जिट पोल से जहां एक ओर भाजपा के कैंप में खुशी की लहर दिखाई दे रही है तो वहीं आप के समर्थकों को इस एग्जिट पोल से निराशा हुई है।
एग्जिट पोल आया सामने
मैट्रिज के एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को 32-37 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा को 35-40 सीट मिल सकती हैं। उधर कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है। वहीं जेवीसी के एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को 22 से 31 सीटें मिलती दिखाई गई हैं। भाजपा को 39-45 सीटें और कांग्रेस को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। यानी भाजपा अपने दम पर बहुमत हासिल कर सकती है। P-Marq के एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को दिल्ली में 21-31 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा को 39-49 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस का खाता खुल सकता है।
सट्टा बाजार में किसका जोर?
मतदान के बाद फलौदी सट्टा बाजार ने नए आंकड़े जारी करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी को 70 में से 34 विधानसभा सीटों पर जीत मिल सकती है, जबकि आम आदमी पार्टी के पाले में 36 से 34 सीटें आ सकती हैं। अगर आप 34 सीटें जीतती है तो उसके हाथ से दिल्ली की सत्ता जा सकती है। हालांकि, पहले सट्टा बाजार ने आप के लिए 40 सीटों पर जीत की भविष्यवाणी की थी।
699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में
दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं। इनके लिए 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 5 फरवरी 2025 को सभी सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया गया। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा भी इसी सीट से उम्मीदवार हैं। दूसरी तरफ मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी मर्लेना पिछली बार की तरह ही इस बार भी कालकाजी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इसी सीट पर भाजपा से उन्हें रमेश बिधूड़ी टक्कर दे रहे हैं।