AAP Allegations On BJP: दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम 8 फरवरी को घोषित होंगे। इससे पहले सूबे में राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है। अधिकत्तर एग्जिट पोल में दिल्ली में भी भाजपा की वापसी के संकेत दिखाई दे रहे हैं। लेकिन इस बीच अरविंद केजरीवाल के आवास पर AAP के सभी 70 प्रत्याशियों की बड़ी बैठक बुलाई गई। इस बैठक में शनिवार को होने वाली गिनती को लेकर सभी तैयार रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही कथित रुप से भाजपा के द्वारा आप प्रत्यशियों के फोन करके खरीदने पर भी चर्चा की गई। गौरतलब है कि बीते दिनों केजरीवाल ने भाजपा पर यह आरोप लगाया था कि उनके द्वारा AAP प्रत्याशियों को फोन करेक समर्थन देने को कहा जा रहा है और उन्हें 15 करोड़ रुपए का ऑफर भी दिया जा रहा है। हालांकि, भाजपा ने केजरीवाल के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
आप नेताओं ने क्या कहा?
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल के आरोपों के बाद यह पहली बड़ी बैठक है। इस बैठक में पहुंचे दिल्ली के मंत्री और बाबरपुर विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार गोपाल राय ने कहा, “आज अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में AAP के सभी उम्मीदवारों की बैठक हुई है। उम्मीदवारों ने जो रिपोर्ट दी है, उससे पता चलता है कि दिल्ली में AAP 50 से ज़्यादा सीटें जीतने जा रही है। AAP दिल्ली में सरकार बनाएगी। दिल्ली में माहौल बनाया जा रहा है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बन रही है, जो तथ्य दिख रहे हैं उससे पता चलता है कि ये ऑपरेशन लोटस चलाने की कोशिश कर रहे हैं। कल हम कोशिश करेंगे कि निष्पक्ष तरीके से काउंटिंग हो।”
भाजपा ने LG को लिखा पत्र
अरविंद केजरीवाल के आरोपों के खिलाफ भाजपा भी मुखर हो गई है। गुरुवार को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा “संजय सिंह अपना आरोप वापस लेकर भाजपा से माफी मांगे या कानूनी नोटिस के लिए तैयार रहें। संजय सिंह ध्यान रखें कि विधायकों को पैसे के ऐसे ही झूठे ऑफर के आरोपों में उनकी मुख्यमंत्री सुश्री आतिशी मार्लेना जमानत पर हैं। संजय सिंह का भाजपा द्वारा “आप” के विधायक प्रत्याशियों को लोभ प्रलोभन का आरोप उनकी हताशा का परिणाम है।“ साथ ही भाजपा ने AAP के द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को लेकर LG वी के सक्सेना को पत्र लिखा है। जिसके बाद LG ने पुलिस को AAP के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया है।