Action Against Samay Raina & Ranveer Allahabadia: मशहूर लेकिन विवादों में रहने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के शो India’s Got Latent में हुई अभद्र टिप्पणी को लेकर उठा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों India’s Got Latent का एक एपीसोड रिलीज किया गया था, जिसमें रणवीर इलाहाबादिया नजर आए थे। उसी शो के दौरान रणवीर ने कुछ ऐसा टिप्पणी की,जिससे पूरे देश में आक्रोश का माहौल दिखाई देने लगा। सोशल मीडिया पर लोगों ने रणवीर और समय रैना के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। कईयों ने तो India’s Got Latent शो को बंद करने तक की मांग कर डाली। अब इस मामले में मुबंई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई स्थित रणवीर इलाहाबादिया के घर पुलिस पहुंच गई है। जहां उनसे उनके द्वारा दिए गए बयान को लेकर पूछताछ की जा सकती है।
यूट्यूब से हटा वीडियो
गौरतलब है कि रणवीर का वीडियो सामने आते ही इसकी खूब आलोचना हुई थी। इंडियाज गॉट लेटेंट के विवादित एपिसोड के खिलाफ NHRC भी सख्त नजर आई थी। NHRC ने यूट्यूब को वीडियो हटाने के साथ ही 3 दिनों के अंदर जवाब देने को कहा था। जिसके बाद यूट्यूब ने विवादित एपिसोड को हटा दिया है। इसके साथ ही समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ मुबंई और असम पुलिस ने FIR भी दर्ज किया है। दोनों ही यूट्यूबरों को मुबंई पुलिस ने अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखने को कहा है। वहीं वर्सोवा पुलिस की एक टीम रणवीर के घर भी पहुंची है। माना जा रहा है कि पुलिस रणवीर से इसी विवाद में पूछताछ कर सकती है।
रणवीर मांग चुके हैं माफी
इंडियाज गॉट लेटेंट का एपिसोड सामने आते ही लोगों का गुस्सा रणवीर और समय रैना के खिलाफ फूट पड़ा। अपने खिलाफ आक्रोश को देखते हुए रणवीर ने एक वीडियो जारी करके माफी मांगी। उन्होंने लिखा, “मेरा कमेंट न केवल अनुचित थी, बल्कि फनी भी नहीं था। कॉमेडी मेरी विशेषता नहीं है। मैं यहां सिर्फ माफी मांगने के लिए आया हूं। इसके लिए मैं कोई भी कारण नहीं बताऊंगा बस माफी मांग रहा हूं।“ हालांकि, इसके बावजूद भी आम लोगों को गुस्सा कम नहीं हो रहा है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने तो इंडियाज गॉट लेटेंट पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं।