Bihar Congress RJD Conflict: दिल्ली विधानसभा चुनाव के खत्म होते ही आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गहमागहमी शुरु हो गई है। सब की नजरें महागठबंधन पर टीकी हैं। कांग्रेस और राजद के बीट सीट बंटवारे को लेकर अंदरखाने बयानबाजी भी हो रही है। तो साथ ही आशंका जताई जा रही है कि कांग्रेस पप्पू यादव के नेतृत्व में राजद के बिना ही चुनावी मैदान में ना कूद जाए। हालांकि, इस बीच बिहार कांग्रेस के वरिष्ट नेता और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य किशोर कुमार झा के बयान ने सूबे में राजनीतिक हलचल मचा दी है।
कांग्रेस नेता किशोर कुमार झा ने कहा कि बिहार में कांग्रेस कम से कम सौ सीटों पर चुनाव लड़े। अगर इतनी सीटें नहीं मिलती है तो पार्टी अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने पर विचार करे। किशोर झा के इस एक बयान ने महागठबंधन नींव को हिला दी है। उन्होंने राजद पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राजद की आदत रही है कि वह हमेशा सीटों का मामला उलझाए रहता है। अंतिम समय में अपने मत के अनुसार कांग्रेस के मत्थे कमजोर सीटें थोप देता है। इससे कांग्रेस को नुकसान होता है।
INDIA से कांग्रेस निकले बाहर
किशोर झा ने कहा कि जब पार्टी दिल्ली में अकेले चलने का निर्णय ले सकती है तो बिहार में भी उसे संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर सभी प्रदेशों में पार्टी को पुनर्स्थापित करना है तो आईएनडीआईए गठबंधन से कांग्रेस पार्टी को बाहर निकालना होगा तभी जनता का भरोसा दुबारा प्राप्त करने में सफल होंगे नहीं तो इसमें शामिल दल के नेता हमेशा अपने अपने प्रदेशों में कांग्रेस को नीचा दिखाते रहेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के द्वारा राजद से अलग होकर चुनाव लड़ने का बात कही है। लेकिन ऐसा संभव होता नहीं दिख रहा है कि बिहार में अकेले चुनाव में प्रवेश करे।
कांग्रेस सांसद का बयान आया सामने
बता दें, दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शर्मनाक प्रदर्शन के बाद कटिहार से सांसद तारिक अनवर ने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक रणनीति को स्पष्ट करने की जरूरत है। उन्हें तय करना होगा कि वे गठबंधन की राजनीति करेंगे या अकेले चलेंगे। उन्होंने लिखा कि साथ ही, पार्टी के संगठन में मूलभूत परिवर्तन करना भी जरूरी हो गया है।