Ranveer Allahabadia Disappear: समय रैना के शो इंडियाज गॉट लैटेंट का विवादों में आने के बाद पुलिस लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। रणवीर अल्लाहबादिया, समय रैना सहित शो से जुड़े 30 लोगों पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। वहीं रणवीर और समय रैना के खिलाफ पूछताछ के लिए मुबंई और असम पुलिस ने समन भी जारी किया है। इस बीच मुबंई पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। दरअसल, मुबंई पुलिस के द्वारा दूसरा समन भेजने के बाद रणवीर ने आग्रह किया था कि पुलिस उनके घर आकर पूछताछ कर ले, जिसे पुलिस ने नकार दिया था। लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार, रणवीर ने अभी तक अपनी स्टेटमेंट रिकॉर्ड नहीं करवाई है। इसके साथ ही उनका फोन भी बंद आ रहा है।
बता दें, शुक्रवार को रणवीर के वकील ने सभी FIR को एक जगह क्लब करने की याचिका डाली थी। रणवीर के वकील ने कहा था कि विभिन्न राज्यों में हुए FIR को मुबंई में एक जगह क्लब कर दे। इसको लेकर उन्होंने तुरंत सुनावई करने का अनुरोध किया था। लेकिन CJI संजीव खन्ना ने तुरंत सुनवाई करने से मना कर दिया। साथ ही कहा कि जो समय तय है उसी समय पर याचिका पर सुनवाई होगी। गौरतलब है कि असम पुलिस ने भी रणवीर को समन भेजकर पूछताछ में शामिल होने को कहा था। इससे पहले मुबंई पुलिस ने भी दो बार रणवीर को समन भेजा है।
कहां गायब हुए रणवीर?
मुबंई पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, 13 फरवरी को रणवीर अल्लाहबादिया को पूछताछ के लिए समन भेजा गया था। जिसके बाद भी वो पूछताछ में शामिल होने के लिए थाना नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि रणवीर का फोन स्विच ऑफ आ रहा है। यहां तक की उनके वकील से भी कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है और जब पुलिस उनके घर पहुंची तो वहां भी ताला लटका मिला। ऐसे में सवाल यह उठने लगा है कि रणवीर अचानक कहां गायब हो गए हैं। इस बीच इंडियाज गॉट लैटेंट शो के एडिटर प्रथम सागर ने शुक्रवार को खार पुलिस स्टेशन में जाकर अपनी स्टेटमेंट रिकॉर्ड करवाई है।