Internet Services Suspended In Jamui: बिहार के जमुई जिले के बलियाडीह गांव में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई है। यह घटना झाझा थाना क्षेत्र में हुई। हनुमान चालीसा पाठ कर लौट रहे लोगों पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की। बताया जा रहा है कि दूसरे समुदाय के लोग इस धार्मिक आयोजन को लेकर आपत्ति जताने लगे। इसके बाद झड़प बढ़ गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। प्रशासन सतर्क हो गया और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कदम उठाए गए।
बता दें कि,रविवार को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। 41लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पुलिस ने 50-60अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया और अब तक 9लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ी तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति की बैठक और फ्लैग मार्च
स्थिति को शांत रखने के लिए प्रशासन ने शांति समिति की बैठक बुलाई। बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख लोग शामिल हुए। सभी से शांति बनाए रखने और भड़काऊ गतिविधियों से बचने की अपील की गई। इसके अलावा, पुलिस और प्रशासन ने इलाके में फ्लैग मार्च निकाला। इससे आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिला। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही, दंडाधिकारी भी निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारी निलंबित
इस घटना के दौरान एक पुलिस अधिकारी की लापरवाही सामने आई। वह घटनास्थल पर मौजूद था लेकिन स्थिति को नियंत्रित नहीं कर पाया। इसके चलते उसे निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने कहा कि अब स्थिति सामान्य है, लेकिन असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें।