Nitish Cabinet Expansion: बिहार में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होना है। चंद दिनों में ही नीतीश सरकार इस कार्यकाल का अंतिम बजट भी विधानसभा में पेश करेगी। इस बीच बुधवार को नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने वाला है। 6-7NDA के विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। इनमें अधिकत्तर भाजपा विधायक शामिल हैं। मंत्रीमंडल विस्तार से पहले बिहार BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके पीछे उन्होंने पार्टी की नीति एक व्यक्ति एक पद का हवाला दिया है। साथ ही इस मंत्रीमंडल विस्तार में जदयू कोटे से 2-3 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, अभी तक जिन विधायकों को मंत्री बनाया जाना है, उनकी आधिकारिक लिस्ट सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि इस वक्त नीतीश कैबिनेट में कुल 30 मंत्री हैं।
इन चेहरों को मिल सकती है जगह
चुनावी साल में नीतीश कैबिनेट का मंत्रीमंडल विस्तार बुधवार शाम 4 बजे किया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। इस मंत्रीमंडल विस्तार में जातीय समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है। इस मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद को जगह मिल सकती है। इसके अलावा संजय सरावगी, राजू यादव और अवधेश पटेल का भी नाम मंत्रियों के रेस में शामिल है। इसके अलावा भूमिहार वोटबैंक को साधने के लिए भाजपा अनिल शर्मा या जिवेश मिश्रा में से किसी एक को मंत्री बना सकती है। जिवेश मिश्रा पहले भी मंत्री रह चुके हैं।
BJP अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इस मौके पर उन्होंने कहा, “मैं राजस्व मंत्री के पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। ‘एक व्यक्ति, एक पद’ वह सिद्धांत है जिस पर पार्टी काम करती है। मैं आभारी हूं कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुझे पार्टी की राज्य इकाई की जिम्मेदारी दी है। कैबिनेट विस्तार सीएम का विशेषाधिकार है।”