Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के डोनेट्स्क क्षेत्र के एक शहर पर बड़ा हवाई हमला किया। इस हमले में कम से कम 20लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। अमेरिका ने हाल ही में यूक्रेन को उपग्रह चित्र देना बंद कर दिया था। इसके बाद रूस ने अपने हमलों की गति तेज कर दी है।
शुक्रवार देर रात रूसी सेना ने कई हमले किए। इन हमलों में 30से अधिक लोग घायल हो गए। डोब्रोपिल्या शहर में आठ अपार्टमेंट ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गए। यह शहर उस मोर्चे के करीब है, जहां रूसी सैनिक लगातार आगे बढ़ रहे हैं।यूक्रेनी आपातकालीन सेवा ने जानकारी दी कि एक रूसी ड्रोन ने दमकल ट्रक को निशाना बनाया। उस समय बचाव दल जलती हुई इमारतों को बुझाने में लगे हुए थे।
डोनेट्स्क में शोक दिवस घोषित
हमले के बाद डोनेट्स्क क्षेत्र में 11लोगों की मौत की पुष्टि हुई। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। क्षेत्रीय गवर्नर वादिम फिलाशकिन ने शनिवार को शोक दिवस घोषित किया।
उन्होंने कहा, “नष्ट हुए घर और जली हुई कारें रूसी मिसाइलों और ड्रोनों के निशान छोड़ गई हैं। लेकिन सबसे भयानक बात पीड़ितों की संख्या है। अब तक 11लोगों की मौत हो चुकी है और 30लोग घायल हैं। तलाशी अभियान जारी है, और यह संख्या बढ़ सकती है।”
जेलेंस्की ने बताया, पांच बच्चे घायल
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि घायलों में कम से कम पांच बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा, “कल रात रूसी सेना ने डोब्रोपिल्या के केंद्र पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जब आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर पहुंचीं, तो रूस ने जानबूझकर उन पर एक और हमला किया। यह रूस की घिनौनी और अमानवीय रणनीति है।”