पंजाब। पंजाब पुलिस के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हुई है। कपूरथला के ढिलवां इलाके में शुक्रवार सुबह दो बदमाशों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए गोलियां चलाई। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ है। डीएसपी सबडिवीजन भुलत्थ करनैल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही पूरे मामले को लेकर पुलिस के उच्च अधिकारी खुलासा करेंगे।
इन आरोपियों ने पूछताछ में माना कि उन लोगों ने भारी मात्रा में असलहा मंड ढिलवां में छुपा कर रखा है। बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस दोनों को मंड ढिलवां में असलहा की रिकवरी के लिए लेकर आई। इस दौरान जब पुलिस ने असलहा रिकवर कर लिया तो इनमें से एक बदमाश ने पुलिस को धक्का देकर भागने की कोशिश की, जिससे पुलिस और बदमाश हाथापाई भी हुई। पुलिस की गिरफ्त से भागे बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस ने फायरिंग की और गोली एक बदमाश की टांग पर लगी और वह जख्मी होकर वहीं गिर गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
एसएसपी ने बताया कि दोनों बदमाशों को दोबारा से पकड़ लिया गया है। इन पर अलग से केस दर्ज किया जाएगा। आरोपी रमनदीप पर कत्ल, इरादा कत्ल, आर्म्स एक्ट के तहत 13 केस दर्ज हैं। इनके दो साथी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। इन दोनों की निशानदेही पर भारी मात्रा में असलहा की खेप बरामद की गई है, जिसका खुलासा जल्द किया जाएगा।