पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन हो गया है। सिंगर कुछ दिन पहले एक एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल हुए थे। कई दिनों से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। अब उनके निधन की सूचना मिली। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने सिंगर राजवीर जवंदा को एक्स (ट्विटर) पोस्ट श्रद्धांजलि दी। नीरू बाजवा और कॉमेडियन गुरप्रीत घुग्गी ने भी सिंगर राजवीर जवंदा के निधन पर दुख जाहिर किया, सोशल मीडिया पोस्ट साझा की।
राजवीर के निधन की सूचना मिलने के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वह अपने ट्वीट में लिखते हैं, ‘राजवीर जवंदा जी के निधन से बहुत दुख हुआ। हम सभी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की लेकिन दुर्भाग्य से ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं, जो इस दुखद क्षति से स्तब्ध हैं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके प्रियजनों को इस दुखद क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।’
नीरू बाजवा ने लिखा- दिल टूट गया है
पंजाबी एक्ट्रेस नीरू बाजवा सिंगर राजवीर के निधन पर दुखी हैं। वह इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखती हैं, ‘खुशमिजाज और दयालु इंसान राजवीर का इस तरह दुनिया छोड़कर जाना बहुत दुखदायी है। इतने युवा और होनहार शख्स के जाने से दिल टूट गया है। राजवीर के परिवार और प्रियजनों के लिए गहरी संवेदनाएं। ईश्वर परिवार को शक्ति और शांति प्रदान करे। राजवीर तुम बहुत जल्दी चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाओगे। अलविदा प्यारे राजवीर।’
सिंगर बादशाह और एमी विर्क राजवीर के निधन पर दुखी हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना दुख जाहिर किया। साथ ही कॉमेडियन गुरप्रीत घुग्गी ने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा करते हुए राजवीर जवंदा की मौत पर दुख प्रकट किया है। वह लिखते हैं, ‘मौत जीत गई, जवानी हार गई, हम तुम्हें कैसे भूलेंगे छोटे भाई।’