इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगान के सुरक्षा बलों के बीच चमन सीमा पर भारी गोलीबारी हुई है। एक मीडिया रिपोर्ट में शनिवार को यह जानकारी दी गई है। डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ घायलों को चमन के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर शुक्रवार देर रात से बलूचिस्तान प्रांत में सीमा पार हुई इस झड़प को भड़काने का आरोप लगाया।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप
पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि अफगान बलों ने बदानी क्षेत्र में मोर्टार गोले दागे। वहीं अफगान तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि हमला पाकिस्तान ने किया और उनके सैनिकों ने केवल जवाब में गोलाबारी की। पाकिस्तानी अधिकारियों ने डॉन अखबार को बताया कि पाकिस्तानी बलों ने अफगान आक्रामकता का जवाब देते हुए पलटवार किया।
चमन-कंधार राजमार्ग पर भी झड़पें
चमन-कंधार राजमार्ग पर भी झड़पें होने की खबर है। लेकिन इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है। क्वेटा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर पुष्टि की कि गोलीबारी रात करीब दस बजे शुरू हुई और देर रात चलती रही।
महिला सहित तीन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
चमन जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि तीन घायलों को अस्पताल लाया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) और विदेश मंत्रालय की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। चमन सीमा को फ्रेंडशिप गेट के नाम से भी जाना जाता है। यह बलूचिस्तान प्रांत को अफगानिस्तान के कंधार से जोड़ता है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान एक-दूसरे पर लगातार आरोप लगाते रहे हैं, जिससे उनके संबंधों में तनाव आया है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान शासन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों को सुरक्षित पनाहगाह दे रहा है। पिछले महीने की तनावपूर्ण स्थिति के बाद दोनों देशों ने संघर्ष विराम पर सहमति जताई थी।

