नई दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा होने के बाद केंद्र सरकार का निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पर्याप्त तेल-गैस और उर्वरक मुहैया कराने में लाचार है। उधर बढ़ते घेरलू गैस के दामों के विरोध में महिला कांग्रेस ने किया केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के घर का घेराव भी किया। अलका लांबा ने एक्स पर पोस्ट के जरिए प्रदर्शन की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सभी महिला कांग्रेस की साथियों को गिरफ्तार किया गया। देश में अब गलत फैसलों के में आवाज उठाना भी एक अपराध हुआ।
एलजीपी सिलेंडर हुआ महंगा तो कांग्रेस का वार
एलपीजी सिलेंडर के रेट में इजाफे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपए का इजाफा और कमर्शियल एलपीजी में 115 रुपए का मुनाफा कमाया। पहले कम अंतर्राष्ट्रीय दामों का लाभ जनता से छीना और अब महंगाई के बोझ से जनता का पसीना निकाला। जंग होने पर ‘सब चंगा सी’ वाली दावेबाज मोदी सरकार, पर्याप्त तेल-गैस और उर्वरक मुहैया कराने में लाचार है।
खरगे ने केंद्र सरकार के दावों पर उठाए सवाल
इससे पहले, कांग्रेस ने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से पोस्ट किया कि सरकार ने जनता को झटका दिया है। सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम सीधे 60 रुपए बढ़ा दिए हैं। वहीं, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के लिए अब आपको 115 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे। पिछले 3 महीने में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 307 रुपए बढ़ गए हैं। सरकार लगातार जनता पर महंगाई का हंटर चला रही है।
आम आदमी पार्टी ने भी सरकार को घेरा
आम आदमी पार्टी ने भी एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने पर सरकार को घेरा। पार्टी ने ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा कि सरकार ने जनता को होली गिफ्ट दिया है। देश की जनता बढ़ती महंगाई से पहले ही त्रस्त है और उसके ऊपर से सरकार ने एक और बम फोड़ा है। सरकार ने घरों में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपए और बढ़ा दिए हैं। तेल कंपनियों ने शनिवार को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
जानें कितना हो गया दिल्ली में रेट
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, नई दिल्ली में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपए कर दी गई है, जो पहले 853 रुपए थी। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक साल से भी कम समय में यह दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी प्रति यूनिट 114.5 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

