जोरहाट:असम विधानसभा चुनाव में वार-पलटवार का दौर जारी है. कांग्रेस हो या भाजपा, हर दल इन दिनों कमर कसके चुनावी तैयारियों में लगा हुआ है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ‘90 पार’ के दावे पर पलटवार करते हुए असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने करार दिया है. एनडीटीवी से खास बातचीत में गोगोई ने कहा कि असम की जनता बदलाव चाहती है और इस बार विपक्षी गठबंधन को उम्मीद से देख रही है.
गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि राज्य के लोग राजनीतिक माफिया और भ्रष्ट शासन से छुटकारा चाहते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के मामलों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
घुसपैठ पर पीएम मोदी के आरोपों का जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस पर घुसपैठियों के मुद्दे पर किए गए हमले का जवाब देते हुए गौरव गोगोई ने कहा कि प्रधानमंत्री के आंकड़े गलत हैं. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान बीजेपी से ज्यादा घुसपैठियों को डिपोर्ट किया गया.
गोगोई के मुताबिक, केंद्र और असम सरकार के आंकड़े बताते हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में, मोदी सरकार से अधिक घुसपैठियों को वापस भेजा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी बोलती ज्यादा है, काम कम करती है.

