कर्नाटक : कर्नाटक में जारी बयानबाजी के बीच नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज थीं, लेकिन एक बार फिर डीके शिवकुमार की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में सीएम बदलने की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक में फिलहाल मुख्यमंत्री बदलने का कोई सवाल नहीं है और राज्य में नेतृत्व का मुद्दा जल्द सुलझा लिया जाएगा। खरगे का यह बयान ऐसे समय आया है जब पार्टी और राजनीतिक हलकों में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि जब 4 मई को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो जाएंगे तो उसके में नेतृत्व परिवर्तन और कैबिनेट फेरबदल पर फैसला हो सकता है। डीके शिवकुमार और उनके भाई और पूर्व सांसद डीके सुरेश ने हाल ही में दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात भी की थी। जिसके बाद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं जोर पकड़ गईं थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डीके शिवकुमार सत्ता साझा करने के कथित समझौते के तहत सीएम बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि डीके शिवकुमार या सीएम सिद्धारमैया ने सार्वजनिक रूप से ये बात स्वीकार नहीं की, लेकिन नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं राजनीतिक हलकों में जारी रहीं।

