नई दिल्ली: असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर पासपोर्ट को लेकर टिप्पणी करना कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को बहुत भारी पड़ता दिख रहा है। अपनी जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान गुरुवार को पवन खेड़ा का दर्द नजर आया। सुनवाई के दौरान पवन खेड़ा ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि उन्हें गिरफ्तार करके जलील करने की जरूरत नहीं थी।
बता दें कि पवन खेड़ा ने दावा किया था कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास तीन पासपोर्ट हैं। आरोप के बाद हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइंया सरमा ने गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में खेड़ा के खिलाफ केस दर्ज कराया। इस मामले में ही खेड़ा सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, जहां गुरुवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हो रही थी। सुनवाई के दौरान खेड़ा ने शीर्ष अदालत को आगे बताया कि यदि उन्हें असम में अपने खिलाफ दर्ज मामले में अग्रिम जमानत नहीं मिलती है तो गिरफ्तारी-पूर्व जमानत का उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा।जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस अतुल चांदुरकर की बेंच ने खेड़ा के मामले की सुनवाई की, जिसमें उन्होंने गुवाहाटी हाई कोर्ट से उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने को चुनौती दी है। खेड़ा की ओर से पेश हुए वकील डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि यह मामला अपनी तरह का पहला मामला है। डॉ. बी.आर. अंबेडकर के मूल्यों का हवाला देते हुए सिंघवी ने आगे तर्क दिया कि हिमंता बिस्वा सरमा ने खेड़ा के खिलाफ जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, उन्हें सुनकर वह महान नेता अपनी कब्र में करवटें बदलने लगेंगे।लाइवलॉ की रिपोर्ट के मुताबिक सिंघवी ने कहा कि अगर डॉ. अंबेडकर ने यह कल्पना की होती कि कोई संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति किसी ‘संवैधानिक काउबॉय’ या ‘संवैधानिक रैम्बो’ की तरह बात करेगा, तो वे अपनी कब्र में करवटें बदलते। वकील ने आगे कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त उपाय किए जा सकते हैं कि खेड़ा भाग न जाएं और वे जांच में सहयोग करें, लेकिन उनकी गिरफ्तारी की कोई जरूरत नहीं थी। सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। बाद में किसी तारीख को यह फैसला दिया जाएगा।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ मानहानि की FIR तब दर्ज की गई, जब उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां के पास तीन पासपोर्ट हैं। ये पासपोर्ट भारत, UAE और मिस्र के हैं। गुवाहाटी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि भुइयां के पास दुबई में कुछ ऐसी आलीशान प्रॉपर्टीज हैं, जिनके बारे में जानकारी नहीं दी गई है। खेड़ा ने रिंकी भुइंया की अमेरिका के व्योमिंग राज्य में एक कंपनी होने का भी आरोप लगाया था।

