Thiruvananthapuram : कांग्रेस के शीर्ष कमान पर अब केरल के अगले मुख्यमंत्री को चुनने की जिम्मेदारी है। इसी बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के समर्थक सड़कों और सोशल मीडिया पर अपने नेताओं के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं।
दूसरी ओर, राज्य के कई हिस्सों में वीडी सतीशन के समर्थन में प्रदर्शन किए गए। इसके अलावा, अलप्पुझा और कन्नूर जिले के इरिक्कुर में वेणुगोपाल के खिलाफ और सतीशन के समर्थन में पोस्टर लगाए गए। हालांकि, फ्लेक्स बोर्ड की इस लड़ाई में रमेश चेन्निथला काफी पीछे दिख रहे हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर उनके समर्थक लगातार उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। ऐसी खबरें हैं कि वेणुगोपाल को अधिकांश विधायकों का समर्थन हासिल है। लेकिन पार्टी नेताओं ने इस बारे में कोई सीधा बयान नहीं दिया है। इसके बजाय सोशल मीडिया पोस्ट और मीडिया से बातचीत के जरिये अप्रत्यक्ष रूप से संकेत दिए जा रहे हैं।
विधायक दल ने शीर्ष कमान को दिया सीएम चुनने का अधिकार
नवनिर्वाचित विधायकों के दल ने एक प्रस्ताव पारित कर एआईसीसी अध्यक्ष को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया है। यही नेता आगे चलकर मुख्यमंत्री भी बनेगा। ऐसे में यह त्रिकोणीय मुकाबला अब नई दिल्ली और पार्टी मुख्यालय तक पहुंचने की संभावना है।
उम्मीद है कि पर्यवेक्षक शुक्रवार को एआईसीसी को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद अंतिम चर्चा के लिए केरल के नेताओं को पार्टी मुख्यालय बुलाया जा सकता है, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा होगी। हालांकि, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सहयोगी दलों में ज्यादातर वीडी सतीशन को पसंद कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने भी इस बारे में सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।
- वट्टियूरकावु सीट से जीतने वाले के. मुरलीधरन ने कहा कि कांग्रेस जैसी लोकतांत्रिक पार्टी में ऐसी घटनाएं सामान्य हैं।
- पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला होते ही पूरी पार्टी उस निर्णय के साथ एकजुट हो जाएगी।
- उन्होंने कहा, फैसला दो दिनों में आ जाएगा। संभवतः रविवार तक इसकी घोषणा हो जाएगी।
- मुरलीधरन ने बताया कि उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं की भावना को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के चयन पर अपनी राय एआईसीसी पर्यवेक्षकों को बता दी है।
- उन्होंने कहा, जिसे भी चुना जाएगा, मैं उसे स्वीकार करूंगा। मुझे उम्मीद है कि शीर्ष कमान जनता की भावना को ध्यान में रखकर फैसला करेगा। लेकिन जो भी निर्णय होगा, मैं उसे मानूंगा।
- उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चुनने की प्रक्रिया में शीर्ष कमान खुले मन से काम कर रहा है।
- उन्होंने कहा, यह एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसे कुछ घंटों में तय नहीं किया जा सकता।
- मुरलीधरन ने कहा कि कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं। उनके साथ-साथ सहयोगी दलों की राय भी ली गई है। फैसला नेताओं के फ्लेक्स बोर्ड के आकार के आधार पर नहीं होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपी रिपोर्ट: अजय माकन
पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त अजय माकन ने कहा, आज हमने कांग्रेस अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंप दी है। आज हमने अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप दी। नवनिर्वाचित विधायक दल (सीएलपी) की बैठक ने एक-लाइन का प्रस्ताव पारित किया, जिसमें कांग्रेस नेतृत्व को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया गया और उस प्रस्ताव की एक प्रति भी सौंप दी गई। हमने विधायकों से एक-एक करके बात की और उन्होंने जो कुछ भी कहा, उसे नोट कर लिया। सिर्फ नाम ही नहीं, बल्कि कई लोगों के पास कहने के लिए बहुत कुछ था। हमने उसे नोट कर लिया है और हाई कमान को सौंप दिया है।

