नई दिल्ली : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के 84वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करे।’
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी एक्स पर पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने लिखा ‘राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्न एवं मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।’ वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। वे दीर्घायु हों और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।’
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने एक्स पर मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई देते हुए लिखा, ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष, कुशल संगठनकर्ता और करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत मल्लिकार्जुन खड़गे को जन्मदिवस की अनंत शुभकामनाएं। सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आपका समर्पण और लंबा राजनीतिक सफर हम सभी के लिए एक मार्गदर्शक की तरह है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगल कामना करते हैं।’

