New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक 4 दिवसीय दौरे पर उज़्बेकिस्तान और किर्गिज़स्तान जाएंगे. पीएम मोदी का मध्य एशिया का यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण होगा. पीएम मोदी जहां द्विपक्षीय दौरे पर उज़्बेकिस्तान जाएंगे तो वहीं SCO समिट के लिए किर्गिज़स्तान पहुंचेंगे. SCO के साइडलाइन में प्रधानमंत्री मोदी की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाक़ात तय मानी जा रही है. इसके अलावा पीएम मोदी की कई और विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाक़ात भी हो सकती है.
पीएम मोदी के 4 दिवसीय दौरे की शुरूआत उज़्बेकिस्तान से करेंगे, जहां वो राजकीय दौरे पर जा रहे हैं. 29-30 अगस्त को पीएम मोदी उज़्बेकिस्तान में रहेंगे. ताशकंद में प्रधानमंत्री मोदी और उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय मुलाक़ात होगी. दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा होगी.
दोनों नेता निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा और शिक्षा जैसे मुद्दों पर द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे. दोनों नेता विकसित भारत 2047 और उज़्बेकिस्तान 2030 जैसे मुद्दों पर भी अपने विचारों का आदान प्रदान करेंगे.
क्या है पीएम का ताशकंद में शेड्यूल?
ताशकंद में प्रधानमंत्री मोदी शास्त्री मेमोरियल भी जाएंगे. इसके अलावा ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी में महात्मा गांधी सेंटर का दौरा भी पीएम मोदी करेंगे. ताशकंद में 2 दिवसीय दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी SCO शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए बिश्केक जाएंगे.
किर्गिज़स्तान के बिश्केक में 26वें SCO समिट का आयोजन 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच हो रहा है. प्रधानमंत्री मोदी SCO समिट को संबोधित भी करेंगे, जहाँ पर वो सिक्योरिटी, कनेक्टिविटी और Opportunity (SCO) पर भारत की प्राथमिकताओं को बताएंगे. भारत के विज़न और विचारों को दुनिया के सामने रखेंगे.
बड़ी डिप्लोमैटिक मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी एससीओ समिट के साइडलाइन में कई विश्व के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात भी कर सकते हैं. इसमें सबसे महत्वपूर्ण रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात बताई जा रही है. भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले मोदी और पुतिन की मुलाकात एक बड़ी डिप्लोमैटिक मुलाकात कही जा सकती है. ऐसी संभावना है कि सितंबर में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए पुतिन भारत भी आएंगे. ऐसे में बिश्केक में मोदी-पुतिन मुलाक़ात में क्या बातचीत होगी? इस पर दुनिया भर की निगाहें टिकी होंगी.

