नई दिल्ली: हाल ही जारी सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आंकड़ों को लेकर कांग्रेस सवाल खड़े कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार को समझना होगा कि ‘पीआर’ से जीडीपी की तस्वीर चमकाई जा सकती है, अर्थव्यवस्था नहीं। बुधवार को केरल कांग्रेस ने बीयर मग की तस्वीर को X पर शेयर करते हुए हालिया GDP ग्रोथ के आंकड़ों को “फर्जी कहानी” बताया है और सरकार पर दिखावा करने का आरोप लगाया है। केरल कांग्रेस के इस पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता भारत की ग्रोथ की आलोचना करने के कारण नशे में हैं।
इस बहस ने आर्थिक आंकड़ों को लेकर राजनीतिक लड़ाई को फिर से हवा दे दी है। किरेन रिजिजू ने केरल कांग्रेस के पोस्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी ज्यादा बीयर पीने की वजह से गहरे नशे में है, या कांग्रेस के लोग भारत की तरक्की से इतनी नफरत करते हैं कि वे जमीनी हकीकत से पूरी तरह कट गए हैं।दरअसल केरल कांग्रेस की ओर से बीयर मग वाली फोटो शेयर की गई थी। जिस पर ऑफिशियल जीडीपी और इंडियन इकोनॉमी लिखा था। इस फोटो के साथ यह भी लिखा था कि अब उस झूठी कहानी पर कोई यकीन नहीं करता। दुनिया इस धोखे को समझ सकती है। वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि सरकार अपनी टीम और मीडिया के जरिए आंकड़ों की बाजीगरी से तैयार की गई जीडीपी बढ़ोतरी का ढोल पीट रही है, जबकि यह जमीनी हकीकत के बिल्कुल उलट है।

