नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 को लेकर अहम टिप्पणी की है। उन्होंने विश्वास जताया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में वैश्विक कल्याण की साझा भावना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी। भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में ब्रिक्स समिट की मेजबानी कर रहा है। इस सम्मेलन में 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के नेता और कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें रूस के राष्ट्रपति पुतिन से लेकर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शामिल हो रहे हैं। रूस के प्रेसिडेंट पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं।कई और देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी समिट में शिरकत के लिए पहुंचे हैं। तस्वीरों में देखिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने पर कैसे दुनियाभर के दिग्गजों का भव्य स्वागत किया गया।ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली आने से पहले पेजेश्कियन ने कहा कि ‘ब्रिक्स’ अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में एकतरफा नीतियों का मुकाबला करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। पेजेश्कियन ने कहा कि ‘ब्रिक्स’, जिसमें अब 21 सदस्य शामिल हैं, अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में एकतरफा नीतियों का मुकाबला करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि देश डॉलर पर निर्भर हुए बिना आर्थिक और क्षेत्रीय विकास कर सकें। एकतरफावाद और बड़ी शक्तियों की अत्यधिक मांगों का सामना कर सकें।दिल्ली में BRICS इंडिया समिट की शुरुआत के मौके पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा से मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘इस बैठक में व्यापार और निवेश, रक्षा, ऊर्जा, कृषि और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना शामिल है। साथ ही, UN, G20 और IMO जैसे मंचों पर हमारे बहुपक्षीय सहयोग पर भी बातचीत हुई।’ इस दौरान मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति और बातचीत, कूटनीति को आगे बढ़ाने में #BRICS2026 के महत्व पर भी अपने विचार साझा किए।ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार तड़के दिल्ली पहुंचे। इस दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया है। एयरपोर्ट पर राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनकी अगवानी की। भारत और रूस के बीच ‘खास और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ पर आधारित बहुआयामी और लंबे समय से चले आ रहे संबंध हैं। रूस के राष्ट्रपति पुतिन की पीएम मोदी के साथ आज द्विपक्षीय मीटिंग है, जिसमें कई अहम समझौते होंगे।18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा दिल्ली पहुंचे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने उनका स्वागत किया। MEA ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रणनीतिक साझेदारी पर आधारित गर्मजोशी भरे और ऐतिहासिक संबंध हैं। ब्रिक्स साझेदारों के तौर पर ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है।

