Mahila Samman Yojana Registration: दिल्ली में कल से महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो रहा है। आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी है। बता दें, आम आदमी पार्टी ने महिलाओं के लिए 2100 रुपये प्रति माह महिला सम्मान योजना की घोषणा की है।
इसके अलावा केजरीवाल सरकार ने 60 साल के ऊपर के बुजुर्गों के लिए सरकारी और निजी अस्पताल में हर तरह का इलाज मुफ्त दिए जाने का भी ऐलान किया है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले इन दोनों ही योजनाओं का रजिस्ट्रेशन कल से शुरु हो रहा है।
कल से शुरू होगा महिला सम्मान योजना का रजिस्ट्रेशन
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दिल्ली की महिलाओं को चुनाव के बाद खाते में 2100 रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए 23 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। केजरीवाल ने आगे कहा कि 2100 रुपये हर महीने आने से उन्हें अपना घर का खर्चा चलाने में भी मदद मिलेगी।
महिलाओं को राहत देते हुए केजरीवाल ने आगे बताया कि हमारी टीम हर घर का दौरा करेगी और महिलाओं का रजिस्ट्रेशन करेगी। महिला सम्मान योजना के तहत होने वाले इस रजिस्ट्रेशन के बाद महिलाओं को एक कार्ड भी दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें अपने साथ वोटर आईडी कार्ड साथ रखना होगा।
घर-घर जाएंगे AAP नेता
बता दें, पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल और मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी समेत कई बड़े नेता खुद घर-घर जाकर लोगों का रजिस्ट्रेशन करेंगे। घोषणा करते हुए केजरीवाल ने कहा कि किसी भी योजना के लिए महिलाओं या बुजुर्गों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं हैय़ बल्कि आम आदमी पार्टी की टीम दिल्ली के हर इलाके में घर-घर जाएगी और महिलाओं, बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन करेगी। उन्हें स्मार्ट कार्ड की तरह एक गारंटी कार्ड मुहैया कराएगी।
35-40 लाख महिलाओं को फायदा
केजरीवाल का दावा है की दिल्ली में महिला सम्मान योजना के तहत 35 से 40 लाख महिलाओं को इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा संजीवनी योजना के तहत लगभग 10- 15 लाख बुजुर्गों को इसका फायदा मिलेगा। हालांकि इस योजना के जरिए हर घर तक पहुंच बनाने की कोशिश में जुटी आम आदमी पार्टी को सफलता कितनी मिलेगी यह विधानसभा के नतीजे ही बताएंगे।