BJP Purvanchal Samman March: दिल्ली में पूर्वाचंल अपमान के मुद्दे पर भाजपा लगातार अरविंद केजरीवाल पर हमलावर दिख रही है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल आवास के बाहर प्रदर्शन किया। गुरुवार को ही भाजपा ने केजरीवाल के आवास तक “पूर्वाचंल सम्मान मार्च” निकालने की घोषणा की थी। जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैनर-पोस्टर लेकर लेकर केजरीवाल आवास का घेराव करने के लिए निकले हैं। हालांकि, बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भारी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान को तैनात किया गया है। हुजूम को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। साथ ही कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है।
गौरतलब है कि गुरुवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर नई दिल्ली सीट पर बिहार-यूपी के लोगों का फर्जी वोट बनवाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, “दूसरा हमने कहा कि 15 दिसंबर से अब तक 13 हजार नए वोट बनने के लिए आवेदन किया गया। 15 दिन में ये लोग कहां से आ गए? जाहिर तौर पर ये लोग यूपी और बिहार से ला लाकर फर्जी वोट बनवा रहे हैं।“ हालांकि, केजरीवाल के इस बयान पर जमकर बवाल मच गया है। बिहार-यूपी के कई NDA नेताओं ने अरविंद केजरीवाल का अपमान किया है। वहीं, केजरीवाल के बयान पर आप सांसद संजय सिंह ने सफाई भी दी लेकिन यह मामला अभी थमते नहीं दिखा रहा है।
जमकर लगे नारे
बता दें, इस मार्च के दौरान कई तरह के नारे लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘लिट्टी चोखा खाएंगे केजरीवाल को भगाएंगे’ और ‘दाल भात खाएंगे केजरीवाल भगाएंगे’ जैसे नारें लगा कर केजरीवाल को घेरने की कोशिश की। इसके साथ ही पूर्वांचंल का अपमान करने के लिए BJP कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल से माफी मांगने को भी कहा। गौरतलब है कि दिल्ली में पूर्वांचंल वोटों का काफी प्रभाव है। करीब 29 विधानसभा सीटों पर पूर्वांचंल के लोग जीत-हार तय करते हैं। ऐसे में जहां पूर्वांचंल अपमान के मुद्दे को उठाकर भाजपा अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। वहीं, केजरीवाल के बयान पर आप बैकफुट पर दिख रही है।