Saif Ali Khan Attack Case: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर मुंबई पुलिस ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में हमलावर की पहचान हो चुकी है। सैफ अली खान फिलहाल मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। यह हमला बीती रात करीब 2बजे सैफ के घर में हुआ। हमलावर ने चाकू से हमला किया था। घटना सैफ के बच्चों के कमरे में हुई।
हमलावर कैसे घर में घुसा?
सैफ अली खान मुंबई के बांद्रा इलाके में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका अपार्टमेंट सातवीं मंजिल पर है। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह था कि हमलावर उनके घर में कैसे घुसा। मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच प्रमुख डीसीपी दीक्षित गेडाम ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी रात 3बजे मिली। फिलहाल, सैफ का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है। इस हमले में सैफ के घर की महिला स्टाफ भी घायल हुई है।
डीसीपी गेडाम के अनुसार, यह हमला चोरी के इरादे से हुआ हो सकता है। हमलावर सीढ़ी से घर में घुसा था और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस की जांच जारी
मुंबई पुलिस ने सैफ के घर पर काम करने वाली महिला स्टाफ से पूछताछ की है। महिला ने बताया कि जब हमलावर घर में घुसा, तो उसने शोर मचाया। इससे सैफ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद हमलावर के साथ हाथापाई हुई और महिला स्टाफ को चोट आई। सीसीटीवी फुटेज में किसी को घर में घुसते या बाहर जाते हुए नहीं देखा गया। मेन गेट से कोई अंदर नहीं आया। पुलिस को फोर्स एंट्री का कोई संकेत नहीं मिला है।