PM Modi Rally In Delhi: दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एंट्री हो गई है। बुधवार को पीएम मोदी ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करतार नगर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुवात महाकुंभ में मची भगदड़ के साथ किया। पीएम मोदी ने कहा आज की चुनाव सभा को संबोधित करने से पहले मैं महाकुंभ में जो दुःखद हादसा हुआ है, उस हादसे में हमें कुछ पुण्यात्माओं को खोना पड़ा है, कई लोगों को चोट भी आई है। मैं प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बता दें, इस मौके पर दिल्ली के सातों सांसद और कई विधानसभा प्रत्याशी भी मंच पर मौजूद थे।
पीएम मोदी ने सरकार बनाने का किया दावा
पीएम ने कहा, “दिल्ली अब एक ऐसी सरकार चाहती है। जो गरीबों के लिए घर बनाए। जो दिल्ली को आधुनिक बनाए। दिल्ली ऐसी सरकार चाहती है, जो हर घर नल से जल पहुंचाए और टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए। इसलिए पूरी दिल्ली आज कह रही है – 5 फरवरी आएगी, AAP-दा जाएगी, भाजपा आएगी।“ उन्होंने कहा, “8 तारीख के बाद जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी, तो जो भी वादे आपसे किए गए हैं, वो सारे वादे समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। ये मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब – गारंटी पूरा होने की गारंटी।“
पीएम मोदी ने आगे कहा, “दिल्ली के करोड़ों नागरिक सुबह शाम अपनी पीड़ा व्यक्त करते हैं और उसमें सबकुछ आ जाता है। ये 21वीं सदी है, इसके 25 साल बीत चुके हैं। उसमें कांग्रेस का कार्यकाल भी देखा है, फिर 11 साल AAP-दा सरकार को दिए। लेकिन दिल्ली की समस्या तो वहीं की वहीं है। 25 साल में इन दोनों ने आपकी दो-दो पीढ़ी को बर्बाद कर दिया है।“ उन्होंने आगे कहा, “किसी ने 14 साल राज किया, किसी ने 11 साल राज किया। फिर भी वही जाम, वही गंदगी, वही टूटी-फूटी सड़कें, गलियों में बहता गंदा पानी, वही जलभराव, वही प्रदूषण है। पीने के पानी के लिए लोग तरस रहे हैं, हा-हाकार हो रहा है, कुछ नहीं बदला। इन हालातों से दिल्ली को आपके वोट की ताकत बाहर निकाल सकती है।”
हरियाणा का मुद्दा उठाया
प्रधानमंत्री मोदी ने यमुना नदी की हालत को लेकर भी आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने यमुना की सफाई के नाम पर वोट लिये अब वो इससे खुद को किनारे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा वालों ने पूर्वांचल के लोगों के साथ धोखा देने का काम किया है। उन्होंने वादा किया अगर हमारी सरकार देश के दूर-दराज के गांवों में गरीब से गरीब के घर में नल से जल पहुंच सकती है, तो देश की राजधानी दिल्ली के घर-घर में साफ पानी क्यों नहीं पहुंचा सकती।
प्रधानमंत्री मोदी ने अरविंद केजरीवाल के उस बयान पर भी हमला बोला जिसमें उन्होंने हरियाणा पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। पीएम मोदी ने कहा कि हम भी यमुना का पानी पीते हैं, तमाम बड़े ऑफिसर्स, विदेशी एंबेसी के अधिकारी, कोर्ट के न्यायाधीश भी यमुना का पानी पीते हैं। उन्होंने कहा कि ये बयान हार के डर से दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्या इस बात पर विश्वास किया जा सकता है कि दिल्ली में हमारे जैसे जो लोग यमुना के पानी पीते हैं, उनकी जान लेने के लिए हरियाणा यमुना में जहर मिलाएगा?