Telangana Woman Kills Three Children: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले से एक खौफनाक खबर सामने आई है। यहां 30साल की महिला रजिता ने अपने ही तीन मासूम बच्चों को मार डाला। वजह ये थी कि वह अपने पुराने प्रेमी शिवा कुमार के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी।
पुलिस के मुताबिक, रजिता की शादी साल 2013में 50वर्षीय चेन्नैया से हुई थी। दोनों के बीच उम्र का बड़ा फासला था। आए दिन झगड़े भी होते थे। इसी कारण दोनों के रिश्ते में खटास आ गई थी।करीब छह महीने पहले रजिता की मुलाकात अपने पुराने क्लासमेट शिवा से हुई। यह मुलाकात 10वीं क्लास के रीयूनियन में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फिर से प्यार पनपने लगा। कुछ समय में उन्होंने शादी का फैसला भी कर लिया।
प्रेमी की शर्त पर बना खतरनाक प्लान
शादी से पहले शिवा ने एक शर्त रखी। उसने कहा कि रजिता को अपने बच्चों को छोड़ना होगा, तभी वह शादी करेगा। इस शर्त को मानते हुए रजिता ने डरावनी योजना बना ली।27मार्च की शाम को उसने शिवा को बताया कि वह बच्चों को रास्ते से हटा देगी। उसी रात उसने अपने तीनों बच्चों की तौलिया से गला घोंटकर हत्या कर दी। बच्चों की उम्र 12, 10और 8साल थी।
अस्पताल में हुआ खुलासा
रात में जब चेन्नैया घर लौटा, तो रजिता ने पेट दर्द और बच्चों के बेहोश होने की बात कही। उसने बताया कि बच्चों ने दही-चावल खाया था, जिसके बाद हालत बिगड़ गई। पति और पड़ोसी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में रजिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एसपी पारितोष पंकज ने बताया कि शिवा भी इस योजना में पूरी तरह शामिल था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। शिवा पेशे से एक वाटर टैंकर ड्राइवर है।