Maharashtra :शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तंज कसते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री बनने के लिए इतने बेताब हैं कि उन्होंने शिवसेना को बीजेपी में मिलाने तक की पेशकश कर दी है। राउत ने दावा किया कि शिंदे ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की शिकायत की।
राउत ने दावा किया, शिंदे ने शाह को कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया जाए तो इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकती है और महाराष्ट्र की राजनीति में स्थिरता आ सकती है। उन्होंने आगे कहा कि जब अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री पद भाजपा का होगा, तो शिंदे ने शिवसेना को भाजपा में मिलाने की बात कही। राउत ने कहा, मुख्यमंत्री बनने की इतनी जबरदस्त इच्छा है कि वह अपनी पार्टी को बीजेपी में मिलाने तक को तैयार हैं। यह पहली बार नहीं है जब संजय राऊत ने शिंदे गुट या भाजपा को लेकर इस तरह के दावे किए हों। जनवरी में राउत ने दावा किया था कि शिवसेना मंत्री उदय सामंत महाराष्ट्र के तीसरे उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं और उनके और शिंदे के बीच मतभेद हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि शिंदे के गुवाहाटी स्थित कामाख्या मंदिर दौरे के दौरान जिस भैंसे की बलि दी गई थी, उनके सींग मुख्यमंत्री निवास ‘वर्षा’ में गाड़ दिए गए थे, ताकि यह पद किसी और को न मिल सके। जब 2022 में शिंदे मुख्यमंत्री बने थे, तब राउत ने कहा था कि यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी, लेकिन शिंदे के नेतृत्व वाली महायुति सरकार भारी बहुमत के साथ फिर से सत्ता में लौट आई।