बरेली। बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थनगर में किराये पर रहने वाली नगर निगम की सफाईकर्मी दीपा (35 वर्ष) की हत्या के पीछे गहरी साजिश का अंदेशा है। तीन दिन पहले किराये पर लिए गए मकान में उनका आधा सामान खुला तक नहीं था। ऐसे में पुलिस को अंदेशा है कि कहीं यह मकान दीपा की हत्या के इरादे से तो नहीं लिया गया था? पुलिस को यह भी पता चला है कि दीपा की कमाई पर राजीव मुंबई में ऐश कर रहा था। इधर, दीपा एक ईसाई युवक के संपर्क में आ गई थी। राजीव को इससे एतराज था। हालांकि, हत्या की सही वजह राजीव की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगी।
सफाईकर्मी दीपा (35) की सोमवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का शक उसके पति राजीव पर है। वह लापता है। रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया। मकान मालिक संतोष कश्यप ने बताया कि 11 जुलाई को ही राजीव ने यह मकान किराये पर लिया था। वह लोग तीन मकान के बाद बने दूसरे घर में रहते हैं।