नई दिल्ली: कांग्रेस को विधानसभा चुनावों से पहले असम में बहुत बड़ा झटका लगा है। राज्य से पार्टी सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने न सिर्फ कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है, बल्कि बीजेपी में शामिल भी हो गए हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा असम में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन हैं, लिहाजा यह पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से भी बड़ा नुकसान है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए माना है कि शायद वह टिकट को लेकर अपसेट हो गए। लेकिन, बीजेपी ने बिना मौका गंवाए इसके लिए राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर हमला बोल दिया।
सांसद प्रद्युत बोरदोलोई का इस्तीफा दुर्भाग्यपूर्ण’
बजट सत्र में शामिल होने संसद पहुंचीं केरल के वायनाड से कांग्रेस एमपी और असम में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन से जब सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के कांग्रेस छोड़ने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,’यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे लगता है कि वह टिकट आवंटन को लेकर अपसेट थे और शायद इस बारे में हमें बात करने का मौका मिला होता।’
बीजेपी बोली कांग्रेस में राहुल गांधी के खिलाफ विद्रोह
बीजेपी ने असम कांग्रेस को लगे इस झटके के बाद राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा- ‘भूपेन बोरा के बाद एक और हिंदू नेता प्रद्युत बारदोलोई ने भी असम कांग्रेस छोड़ दिया…कांग्रेस नेता राहुल गांधी और गौरव गोगोई के हिंदू-विरोधी और असम विरोधी राजनीति के खिलाफ खुला विद्रोह कर रहे हैं है….।’
अब कांग्रेस के नेताओं ने भी राहुल को रिजेक्ट किया’
उधर बीजेपी के एक और प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने इसके बारे में एक्स पर प्रतिक्रिया में लिखा, ‘टुकड़े टुकड़े कांग्रेस को बड़ा झटका। कांग्रेस एमपी प्रद्युत बारदोलोई और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और एआईसीसी सदस्य नवज्योति तालुकदार दोनों ने इस्तीफा दे दिया है।..राहुल को जनता ने रिजेक्ट किया..राहुल को सहयोगियों ने रिजेक्ट किया..अब कांग्रेस के नेताओं ने भी राहुल को रिजेक्ट किया।’

