Iran Underground Missile Base: मध्य पूर्व में दिन-ब-दिन बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने दुनिया को अपनी ताकत की झलक दिखाई है। दरअसल, ईरानी सरकारी मीडिया ने एक ऐसी ‘मिसाइल सिटी’ का वीडियो जारी किया है, जिसे देखकर अमेरिका और इस्राइल के माथे पर पसीना आ गया होगा! सबसे खास बात यह है कि सुरंगों में तैनात मिसाइलों के इस विशाल जखीरे को ईरान ने महज एक छोटी सी झलक, यानी ‘टिप ऑफ द आइसबर्ग’ बताया है।
सुरंगों में छिपा है मौत का सामान
वीडियो में देखा जा सकता है कि कंक्रीट की बनी सुरंगों में एक के बाद एक सैकड़ों बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें तैनात हैं। ये ठिकाने जमीन के इतने नीचे बनाए गए हैं कि इन पर आधुनिक बंकर-बस्टर बमों का भी असर होना नामुमकिन है। ईरान का दावा है कि उसकी सेना के पास ऐसे और कई ठिकाने हैं।
मनोवैज्ञानिक युद्ध की शुरुआत?
अब सवाल उठता है कि क्या यह मनोवैज्ञानिक युद्ध की शुरुआत है? ईरान वीडियो के जरिए यह संदेश देना चाहता है कि अगर उस पर फिर से हमला हुआ, तो जवाबी कार्रवाई इतनी घातक होगी कि संभालना मुश्किल हो जाएगा। इन मिसाइलों की रेंज में न केवल इस्राइल, बल्कि मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने भी आते हैं।
दुनिया की बढ़ी चिंता
अंतरराष्ट्रीय बिरादरी इसे बेहद गंभीरता से ले रही है। दुनिया के कई देशों ने शांति की अपील की है। वहीं दूसरी तरफ ईरान के इस आक्रामक रुख ने हथियारों की होड़ को और तेज कर दिया है। ईरान ने वीडियो के जरिए चेतावनी दी है कि तेहरान किसी भी टकराव के लिए पूरी तरह तैयार है। अब देखना यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस पर क्या कहते हैं।
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने तेहरान की कमर तोड़ दी है। अब उनके पास लड़ने के लिए कुछ भी नहीं बचा है, न तो सैनिक और न ही हथियार। हालांकि, वीडियो के जरिए अब ईरान ने अमेरिका को तगड़ा जवाब दिया है।

